हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत डबली वास पेमा के चेना वास (14 जेआरके-बी) स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क का जनसहयोग से जीर्णोद्धार कर उसे सुरक्षित बनाया गया है। करीब दस वर्षांे से पार्क की चारदीवारी क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां कचरा, प्लास्टिक और मलबा डाला जा रहा था, जिससे पार्क की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। अब स्थानीय युवाओं की पहल से पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। जानकारी के अनुसार, पार्क की चारदीवारी टूटने की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत को अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर नवयुवक संघ ने जनहित में स्वयं पहल करते हुए पार्क के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का जिम्मा उठाया। संस्था अध्यक्ष अनिल कुमार सुथार के नेतृत्व में रामस्वरूप कालवा, एडवोकेट भागीरथ कालवा, साहबराम लोथिया, मुकेश जेपाल, जगदेव निहालया सहित युवाओं ने जनसहयोग से राशि एकत्रित की। इस सहयोग से पार्क के चारों ओर करीब 470 फीट तारबंदी और सीमेंट पोल लगाने का कार्य कराया गया, जिस पर लगभग 30 हजार रुपए खर्च हुए। युवाओं ने बताया कि अब पार्क पूरी तरह सुरक्षित हो गया है। आगामी वर्षा ऋतु में यहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा, जिससे पार्क में हरियाली बढ़ेगी और बच्चों को खेलने के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की सुंदरता में भी इजाफा होगा। ग्रामीणों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग से किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। इस मौके पर रामप्रताप कालवा, श्योचंद देपन, भीमसैन भाटी, इंद्राज लिमड़िया, रमेश कुमार दुपगा, सुभाष बिरट, हरदत्त सोलंकी, लेखराम बरोड़, बद्रीराम कालवा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
