हनुमानगढ़। मानस नशा मुक्ति अभियान एवं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला कलक्टर के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र टिब्बी में नशा मुक्ति एवं मनोरोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी ने मानसिक एवं नशा संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच कर उपचार प्रदान किया। उन्होंने मौजूद लोगों को मानसिक रोगों के लक्षण, समय पर उपचार की आवश्यकता तथा प्रत्येक माह आयोजित होने वाले मानसिक स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी देते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। शिविर में सीएचसी प्रभारी डॉ. रितिका पारीक, एनसीडी काउंसलर पवन कुमार, मीनाक्षी भिड़ासरा एवं त्रिलोक शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। शिविर के दौरान 16 नए नशा पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया। इनमें से 8 मरीजों ने नशा छोड़ने की इच्छा व्यक्त की, जिनकी काउंसलिंग कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया गया। वहीं एक मरीज ने नियमित फॉलोअप एवं दवा के माध्यम से पूर्ण रूप से नशा छोड़ने में सफलता प्राप्त की। इसके अलावा 47 मरीज नियमित फॉलोअप के तहत उपचार एवं दवा प्राप्त कर रहे हैं। शिविर में कुल 57 मानसिक एवं नशा संबंधी रोगियों का उपचार कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता या किसी प्रकार की नशे की समस्या के लक्षण दिखाई दें तो उन्हें छिपाने के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य लें।
