– लोक जनशक्ति पार्टी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के मसरूवाला गांव में एक दलित परिवार पर हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी के जिला अध्यक्ष विकास झोरड़ के माध्यम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। मसरूवाला निवासी गुरदीप कौर पत्नी सोहन सिंह ने आरोप लगाया कि 12 जुलाई 2026 की सुबह उनका परिवार घर पर था। इसी दौरान गांव निवासी गुरमेल सिंह ने कथित रूप से ट्रैक्टर से उनके पुत्र रणवीर का मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपी मौके से चला गया। पीड़िता का आरोप है कि कुछ देर बाद गुरमेल सिंह अपने साथ जग्गा सिंह, बद्धू सिंह, लख्खा सिंह तथा दो-तीन अन्य लोगों को लेकर हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आया। आरोप है कि आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकियां भी दीं। हमले में गुरदीप कौर के घायल होकर बेहोश होने का भी आरोप लगाया गया है। विकास झोरड़ ने कहा कि घायल महिला को बाद में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस ने बयान दर्ज किए। इसके बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। 15 जुलाई को सदर थाना में परिवाद देने के बाद जांच का आश्वासन मिला, लेकिन न तो घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया और न ही एफआईआर दर्ज की गई। लोक जनशक्ति पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मामले की उच्च अधिकारी से निष्पक्ष जांच करवाकर आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। इस मौके पर संतोष पूनिया, सुभाषचन्द्र, परविन्द्र कौर, बलजीत कौर, नसीब, संदीप सिंह, राजासिंह मौजूद थे।
