हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पक्कासारण में छात्रों द्वारा अपनी मांगों को लेकर विद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विद्यालय संचालन में बाधा उत्पन्न किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, हनुमानगढ़ द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार विद्यालय में कार्यरत पूनम महला (व्याख्याता, रसायन विज्ञान) को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, मुंडा (कोड 401393) में आगामी आदेशों तक शैक्षणिक व्यवस्था के तहत लगाया गया है। आदेश के अनुसार व्याख्याता को 22 जुलाई 2026 से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, मुंडा में अपनी उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित विद्यालय प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया है कि संबंधित कार्मिक को तत्काल कार्यमुक्त कर नियत तिथि को नई संस्था में कार्यभार ग्रहण करवाना सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यालय में उत्पन्न गतिरोध को समाप्त कर शिक्षण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है।
