
हनुमानगढ़। चक दस एचएमएच में चक प्लान मुताबिक जलमार्ग पक्का बनाने एवं जलमार्ग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए संसाधन उपलब्ध करवाने की मांग चक दस एचएमएच के किसानों ने की है। इस संबंध में किसानों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि चक दस एचएमएस में कुछ किसानों ने खाला की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। अतिक्रमण हटाने के संबंध में जल संसाधन उपखण्ड के सहायक अभियंता की ओर से 22 अगस्त 2025 को मौका मजिस्ट्रेट व पुलिस जाप्ता उपलब्ध करवाने के लिए उपखण्ड अधिकारी को पत्र लिखा गया। इस पर मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया गया लेकिन अभी तक पुलिस जाप्ता उपलब्ध नहीं करवाया गया। इसके बाद जल संसाधन उत्तर संभाग हनुमानगढ़ के मुख्य अभियन्ता कार्यालय की ओर से 15 दिसम्बर 2025 को जिला कलक्टर को पत्र के जरिए मौका मजिस्ट्रेट मय पुलिस जाप्ता उपलब्ध करवाने के लिए लिखा गया ताकि सिंचाई व्यवस्था को बहाल किया जा सके। परन्तु अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं की गई। किसानों ने 19 दिसम्बर 2025 को व्यक्तिगत उपस्थित होकर अपनी पुकार व्यक्त की परन्तु आज तक चक दस एचएमएच के पक्के खाला की सिंचाई व्यवस्था ज्यों की त्यों बनी हुई है। इस वजह ने पिछली दो फसलों से नहरी पानी का नुकसान हो रहा है। किसानों ने मांग की कि तुरन्त प्रभाव से खाला भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाकर खाले का निर्माण करवाए जाने के आदेश दिए जाएं। इस मौके पर सुनील कुमार, रामेश्वर तरड़, सुखदेव, मंगतराम, ओंकार, हरिकृष्ण, बलराम, महेन्द्र सिल्लू, गुरजंट सिंह, मोहन सिंह मौजूद रहे।
