हनुमानगढ़। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों के लिए पीएम श्री योजना के अंतर्गत ज्ञानवर्धक एवं अनुभवात्मक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण में विद्यालय के 151 विद्यार्थी और 9 एस्कॉर्ट शिक्षक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयूएसटी), हिसार के विभिन्न शैक्षणिक एवं अनुसंधान केन्द्रों का भ्रमण कर उच्च शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और कौशल आधारित शिक्षा की बारीकियों को करीब से समझा। विश्वविद्यालय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ऑडिटोरियम हॉल, बायोटेक्नोलॉजी लैब, डॉ. भीमराव अंबेडकर लाइब्रेरी, स्किल लैब्स तथा डिपार्टमेंट ऑफ रिलिजियस स्टडीज का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं, आधुनिक प्रयोगशालाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। विभिन्न प्रयोगशालाओं और सुविधाओं को देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने विशेषज्ञों एवं शिक्षकों से अनेक सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को विद्यालयी शिक्षा को उच्च शिक्षा एवं व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। विश्वविद्यालय भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने अग्रोहा धाम का भी भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों ने क्षेत्र के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता की और सीखने के साथ-साथ आनंद भी लिया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की शिक्षा से आगे बढ़ाकर वास्तविक जीवन, उच्च शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, कौशल एवं भारतीय संस्कृति से परिचित कराना रहा। विद्यालय के प्राचार्य रामचन्द्र देहड़ू ने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत इस प्रकार के अनुभवात्मक एवं शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को भविष्य के शैक्षणिक एवं करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके सीखने के अनुभव को भी समृद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव रहा।
