हनुमानगढ़। सरोज कंवर राठौड़ पुत्री भंवर सिंह राठौड़ (जूलियासर) ने विधि विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर नेहरू मैमोरियल विधि महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन का गौरव बढ़ाया है। उन्हें यह उपाधि महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की ओर से प्रदान की गई है। सरोज कंवर राठौड़ ने ‘महिला तस्करी और कानून : राजस्थान के जयपुर जिले में अनैतिक तस्करी अधिनियम की रोकथाम के लिए विशेष संदर्भ के साथ कानूनी और सामाजिक परिदृश्य-एक अध्ययनÓ विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया। उन्होंने यह शोध नेहरू मैमोरियल विधि महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन के सह आचार्य डॉ. कुंज बिहारी ओझा के निर्देशन में किया। सरोज कंवर की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, गुरुजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपनी सफलता पर सरोज कंवर राठौड़ ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उनके माता-पिता, गुरुजनों, परिवारजनों और शुभचिंतकों के मार्गदर्शन, सहयोग एवं आशीर्वाद को जाता है। उन्होंने कहा कि शोध के दौरान महिला तस्करी जैसे गंभीर सामाजिक एवं कानूनी विषय को गहराई से समझने का अवसर मिला। भविष्य में भी वे कानून एवं समाज के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का प्रयास करेंगी।
