हनुमानगढ़। नशामुक्त एवं अपराधमुक्त हनुमानगढ़ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जंक्शन स्थित अग्रसेन भवन में सेफ सिटी अभियान के तहत ‘युवाओं से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में 18 से 25 वर्ष की आयु के युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के खिलाफ अपनी चिंताएं, सुझाव और समस्याएं खुलकर पुलिस के सामने रखीं। संवाद के दौरान युवाओं ने नशे के साथ-साथ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी बात रखी। युवाओं ने रात आठ बजे बाद अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने का मुद्दा उठाते हुए पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी।



इसके अलावा नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को इससे बाहर निकालने में पुलिस किस तरह मदद कर सकती है, इस पर भी चर्चा हुई। युवाओं ने नशे की बिक्री वाले संभावित स्थानों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने और सेफ सिटी पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर भी सवाल किए। युवाओं का कहना था कि यदि पुलिस और आमजन के बीच सूचना साझा करने की व्यवस्था और मजबूत हो तो नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। एसपी बी आदित्य ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ लगातार सेफ सिटी अभियान चलाया जा रहा है।


इसी अभियान के तहत युवाओं के साथ संवाद कर उनके सुझाव और समस्याएं जानी गई हैं। उन्होंने कहा कि 18 से 25 वर्ष के युवाओं की नशे के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। एसपी ने कहा कि भविष्य में हनुमानगढ़ को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने में युवाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं का आभार जताते हुए कहा, ‘थैंक यू यूथ, यूं ही साथ रहें, हम जल्द हनुमानगढ़ को नशामुक्त करेंगे।’

सेफ सिटी पोर्टल पर तीन दिन में 50 से अधिक इनपुट
एसपी ने बताया कि सेफ सिटी पोर्टल लॉन्च होने के बाद आमजन की ओर से लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। लोग पोर्टल के माध्यम से पुलिस को तत्काल जानकारी दे रहे हैं और सूचना मिलने पर सेफ सिटी टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि आमजन पुलिस तक अपनी बात पहुंचाना चाहता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से ऐसा प्रभावी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आमजन बिना झिझक नशे और अपराध से संबंधित सूचनाएं पुलिस तक पहुंचा सके। उन्होंने युवाओं और आमजन से अधिक से अधिक सूचनाएं साझा करने की अपील की, ताकि पुलिस नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर सके। एसपी ने बताया कि सेफ सिटी पोर्टल को लॉन्च हुए अभी तीन दिन ही हुए हैं और इस दौरान 50 से अधिक इनपुट प्राप्त हो चुके हैं। वहीं, पिछले 20 दिनों में हेल्पलाइन नंबर पर करीब 200 से 250 इनपुट आए हैं। इन सूचनाओं पर कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हेल्पलाइन की एसपी स्तर पर मॉनिटरिंग
एसपी ने बताया कि उनकी ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर की निगरानी वे स्वयं कर रहे हैं। महिलाओं से संबंधित हेल्पलाइन नंबर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिकाऊ के पास रहता है। दोनों स्तरों पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और अधिकारी स्वयं फोन कॉल अटेंड कर रहे हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, राज कंवर, जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां, टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह, सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल, महिला थाना प्रभारी चन्द्रकला वर्मा, पुलिस निरीक्षक जगदीश कड़वासरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी, युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

