हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (फोर्ट) के खेल मैदान में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक दानदाता ने करीब सवा लाख रुपए की लागत से वाटर कूलर की व्यवस्था कराई है। खास बात यह है कि दानदाता ने यह सेवा गुप्त दान के रूप में की है। बुधवार को विद्यालय में वाटर कूलर का विधिवत लोकार्पण किया गया। विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि पूर्व में खेल मैदान में विद्यार्थियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते खेल गतिविधियों के दौरान बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए दानदाता ने आगे आकर वाटर कूलर उपलब्ध कराया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उनका दावा है कि हनुमानगढ़ का यह पहला सरकारी विद्यालय है, जहां कक्षा 9वीं से 12वीं तक स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई कराई जाती है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी पिछले वर्षांे में उत्कृष्ट रहा है। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी स्काउटिंग, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों में भी लगातार हिस्सा लेते हैं। विद्यालय प्रबंधन का प्रयास रहता है कि यहां आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास हो, ताकि वह भविष्य में अच्छा नागरिक बनकर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सके। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में अभी भौतिक संसाधनों और भवन से संबंधित कुछ समस्याएं हैं। इनके समाधान के लिए सरकार की ओर से करीब साढ़े आठ लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। इस राशि से एक प्रयोगशाला तथा दो कमरों की छत बदलने का कार्य वर्तमान में जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन कार्यांे के पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी।

