हनुमानगढ़। कोहला टोल प्लाजा के पास बुधवार रात्रि को दो अज्ञात युवकों ने एक ई-रिक्शा चालक की कनपटी पर पिस्टल लगाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी चालक से करीब 2 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान छीनकर फरार हो गए। जाते समय आरोपी ई-रिक्शा की चाबी भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना टाउन थाना पुलिस को दी गई है। पीड़ित ई-रिक्शा चालक इमरान के अनुसार वारदात रात करीब 8.30 से 9 बजे के बीच हुई। उसने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति जंक्शन बस स्टैंड के पास से उसके ई-रिक्शा में कोहला जाने के लिए सवार हुए थे। इमरान के मुताबिक जब वह दोनों यात्रियों को लेकर कोहला टोल प्लाजा के पास पहुंचा तो उन्होंने कुछ और आगे सुनसान स्थान तक छोड़ने के लिए कहा। सुनसान जगह पर पहुंचते ही दोनों युवकों ने उसे घेर लिया और उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी। आरोपियों ने चालक से करीब 2 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान छीन लिया। इसके बाद ई-रिक्शा की चाबी भी निकालकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए कोहला टोल नाके और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अब आरोपियों के हुलिए, बस स्टैंड से ई-रिक्शा में सवार होने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
