हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत भूनावाली ढाणी में पिछले करीब चार माह से बंद पड़े नरेगा कार्य को दोबारा शुरू करवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को पंचायत समिति की विकास अधिकारी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने नरेगा कार्य जल्द शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्राम पंचायत भूनावाली ढाणी निवासी जयदेव मूंड और ख्यालीराम ने बताया कि गांव में करीब चार माह से नरेगा का काम बंद पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में करीब 350 जॉब कार्ड बने हुए हैं। इन जॉब कार्डधारियों में अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं। इनमें बड़ी संख्या महिलाओं और बुजुर्गांे की है, जिनके लिए नरेगा रोजगार का महत्वपूर्ण साधन है।

ग्रामीणों ने विकास अधिकारी को बताया कि लंबे समय से काम बंद होने के कारण जरूरतमंद परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो रही है। उन्होंने मांग की कि नरेगा के तहत तत्काल रोजगार उपलब्ध करवाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उच्चाधिकारियों को शिकायत की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम उठाया जाएगा। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विकास अधिकारी ने आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत में नहर और नाले का कार्य स्वीकृत करवाकर जल्द शुरू करवाया जाएगा। इससे ग्रामीणों को नरेगा के तहत रोजगार मिलने की उम्मीद जगी है। इस मौके पर सुभाष, रणवीर, राहुल, योगेश, दीपचंद, धर्मपाल, प्रवीण, राजेश, सोनू, मदनलाल, प्रभुराम, मुकेश और भूप सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
