हनुमानगढ़। ब्रह्माकुमारीज एवं समाज सेवा प्रभाग की ओर से राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 18वीं पुण्यतिथि शनिवार को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर जंक्शन स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले शिविर में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। ब्रह्माकुमारी शीला बहन ने बताया कि राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि पिछले 18 वर्षांे से विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इसी क्रम में प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाता है। शीला बहन ने बताया कि पिछले वर्ष विश्वभर में 88 लाख 740 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस बार करीब एक करोड़ यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना और समाज में सेवा, भाईचारे तथा मानवता की भावना को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सभी का जीवन सुख, शांति और आनंद से भरपूर हो, इसी भावना के साथ सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। ब्रह्माकुमारी शीला बहन ने बताया कि संस्था की ओर से हाल ही में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया था। इस दिशा में अभियान लगातार जारी है और लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रक्तदान शिविर में महिला एवं पुरुष रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
