हनुमानगढ़। श्री हरिनारायण सेवा समिति रायसिंहनगर, श्री दुर्गा मन्दिर एवं धर्मशाला न्यास हनुमानगढ़ जंक्शन के तत्वावधान में जिला प्रशासन एवं जिला विकलांग संघ तथा श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के सहयोग से 17, 18 व 19 जनवरी को श्री दुर्गा मन्दिर एवं धर्मशाला न्यास, बस स्टैंड के पीछे, हनुमानगढ़ जंक्शन में नि:शुल्क विशेष योग्यजन सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें जयपुर से भगवान श्री महावीर सहायता समिति की टीम अपनी पूरी वर्कशाप व साज्जो-सामान के साथ मौजूद रहेगी और जरूरतमन्दों को उपकरणों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक कानाराम जिनागल ने बताया कि शिविर में कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलीपर, बैशाखी, ट्राई साईकिल, व्हील चेयर, कान की मशीन व वाकर का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा इस कैम्प में मेडिकल बोर्ड की ओर से विशेष योग्यजन चिकित्सा प्रमाण-पत्र व रेलवे पास व रोडवेज पास नि: शुल्क यात्रा के लिए बनाए जाएंगे। शिविर में पंजीयन व सहायक उपकरण वितरण के लिए चयन 17 जनवरी को किया जाएगा। जरूरतमंद नि:शुक्तजन अपने साथ पासपोर्ट साइज की 4 फोटो, विशेष योग्यजन चिकित्सा प्रमाण-पत्र मूल निवास, आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, जनआधार कार्ड, पहचान पत्र, राशन कार्ड व बिस्तर लेकर आएं।

