हनुमानगढ़। टाउन शहर के बस स्टैंड के पास स्थित जैन अस्पताल के नजदीक बना हुआ घुमावदार मोड वाहन चालकों के लिए मुसीबत का कारण बना हुआ है। गुरुवार अल सुबह रावतसर की तरफ से आया ग्रिट से भरा एक ट्रॉला मोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रॉले में भरी सारी ग्रिट सड़क किनारे बिखर गई। अस्पताल के बाहर खड़ी एक कार ग्रिट के नीचे दबने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रॉला पलटने से यातायात भी बाधित हो गया।

जेसीबी की मदद से ट्रॉले को हटाने के बाद यातायात सुचारू हुआ। जानकारी के अनुसार ट्रॉला गुरुवार अल सुबह करीब पांच बजे अनियंत्रित होकर पलटा। गनिमत रही कि उस समय आवाजाही न होने के कारण जान-माल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन जैन अस्पताल के बाहर खड़ी कार दबने से क्षतिग्रस्त हो गई। यह कार अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजनों की बताई जा रही है।

बस स्टैंड के नजदीक के दुकानदार मोहम्मद इशाक ने बताया कि घुमावदार मोड होने के लिए यहां पहले भी तीन-चार बार भारी वाहन पलट चुके हैं। इस सड़क की चौड़ाई भी कम है। इस वजह से बार-बार हादसे हो रहे हैं। पूर्व में हुए एक हादसे में वाहन के नीचे दबने से बच्चे की मौत हो गई थी। एक बार रेहड़ी नीचे दब गई थी। भविष्य में भी कोई बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाए जाने के बावजूद समस्या जस की तस है। इस जगह घुमावदार मोड होने के संबंध में कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया। पर्याप्त संख्या में लाइटें भी नहीं लगी होने के कारण यहां रात्रि को वाहन चालकों को दूरी से घुमावदार मोड नजर नहीं आता।

उन्होंने बताया कि इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर इस खतरनाक मोड को समाप्त किए जाने पर इस समस्या का समाधान हो सकता है।
