– भीम आर्मी का आरोप-प्रशासन आश्वासन तक सीमित, सात सौ परिवारों को न्याय दिलाने की मांग
हनुमानगढ़। गांव रणजीतपुरा में कथित चेक माफिया और सूदखोरों के खिलाफ जिला कलक्ट्रेट के समक्ष चल रहा बेमियादी धरना मंगलवार को 91वें दिन भी जारी रहा। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कार्रवाई में लगातार देरी की जा रही है। महेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक दबाव के चलते मामले में कार्रवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल पहले से आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं और मंगलवार को धरनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने पुनः आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कथित चेक माफिया और सूदखोरों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि करीब सात सौ परिवारों को न्याय मिल सके। महेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा बड़ी संख्या में चेक लगाए गए हैं और ग्रामीणों से सूदखोरी का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन संबंधित लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करता, तब तक बेमियादी धरना जारी रहेगा। धरनास्थल पर प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल, समर सिंह, पृथ्वीराज, रामकुमार बावरा, केसराराम, मोहनलाल, बलकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
