नोहर। नोहर एवं आसपास के क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं को लेकर नोहर रेल विकास संघ के अध्यक्ष आर.के. जोशी ने बीकानेर मंडल के एडीआरएम राजेंद्र सिंह चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान ट्रेनों के बीच लंबे अंतराल, कनेक्टिंग ट्रेनों के समय में समन्वय, नई एवं लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जोशी ने बताया कि सादुलपुर से शाम के समय 54704 जयपुर-भटिंडा ट्रेन शाम 5.40 बजे, 54758 सादुलपुर-हनुमानगढ़ शाम 6.25 बजे तथा 14710 हनुमानगढ़ एक्सप्रेस शाम 7.35 बजे संचालित होने से शाम के समय ट्रेनों का अंतर कम और दिन में लंबा गैप रहता है। इसे देखते हुए समय-सारणी में आवश्यक बदलाव की मांग रखी गई। वहीं सुबह 4.20 बजे सादुलपुर से चलने वाली ट्रेन संख्या 54768 का समय करीब 5.30 बजे करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि बीकानेर से आने वाली ट्रेन संख्या 22471 के दोपहर 1.10 बजे सादुलपुर पहुंचने से करीब 20 मिनट पहले कनेक्टिंग ट्रेन 54763 सादुलपुर-हनुमानगढ़ रवाना हो जाती है। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। इसी प्रकार हनुमानगढ़ से भी 10 से 15 मिनट के अंतराल में ट्रेनों के रवाना होने का मुद्दा उठाया गया।
लंबी दूरी की ट्रेनों की मांग
बैठक में बीकानेर और जोधपुर के लिए बेहतर रेल सेवा तथा लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन की मांग रखी गई। गुवाहाटी-श्रीगंगानगर रेल सेवा को पुनः शुरू करने तथा श्रीगंगानगर-जयपुर सेवा के संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए हनुमानगढ़ से प्रमुख शहरों के लिए त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की गई। जोशी ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त भार रहता है, ऐसे में स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिल सकती है। इसके अलावा 14701/02 अरावली एक्सप्रेस का खिनानिया स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव देने का प्रस्ताव भी एडीआरएम के समक्ष रखा गया।
स्टेशन सुविधाओं के मुद्दे भी उठाए
बैठक में प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर शेड, पेयजल व्यवस्था, नोहर स्टेशन परिसर के चौक की मरम्मत, नोहर पुलिस थाने के पास अंडरपास की स्थिति, आरपीएफ चौकी सहित अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी रखे गए। श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज ट्रेन की गति बढ़ाने तथा एसी सुविधा से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई।
रेल विकास संघ अध्यक्ष आर.के. जोशी ने कहा कि क्षेत्र के यात्रियों की समस्याओं और मांगों को रेलवे अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाया जाता रहा है। संगठन ऐलनाबाद, खिनानिया, नोहर, गोगामेड़ी, भादरा और आसपास के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं दिलाने के लिए प्रयासरत है।
