– कहा-कार्यकर्ताओं की एकजुटता से चुनाव में मिले अच्छे परिणाम, आज उपसभापति-उपाध्यक्ष के चुनाव में भी भाजपा के प्रत्याशी जीतेंगे
हनुमानगढ़। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि आज उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव है और उन्हें उम्मीद है कि पूरे जिले में भाजपा के उपसभापति और उपाध्यक्ष निर्वाचित होंगे। पारीक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह और एकजुटता के साथ नगर निकाय चुनाव लड़ा, उसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। नोहर, भादरा, पीलीबंगा और गोलूवाला में भाजपा के पालिकाध्यक्ष बने हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भी जनता की ओर से भाजपा को समर्थन मिला है। एक नगर निगम को छोड़कर सभी नगर निगमों में भाजपा के बोर्ड बने हैं। हनुमानगढ़ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड नहीं बन पाने के कारणों के सवाल पर पारीक ने कहा कि जनता जनार्दन है और जनता ने जो फैसला किया है, वह उन्हें स्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि सरकार जनभावना के अनुरूप जनता के हित में निर्णय ले रही है। किसानों के लिए डिग्गियों का पैसा जारी किया जा रहा है और आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
पंचायती राज चुनाव पर भी नजर
पारीक ने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनाव में भी भाजपा अपने प्रधान और जिला प्रमुख बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि सभी जगह भाजपा के बोर्ड बनें।
