कहा-कांग्रेस के सभी नौ पार्षदों ने एकजुटता के साथ पार्टी प्रत्याशी को दिया वोट, निर्दलीयों को एक ही चुनाव चिह्न दिए जाने का मामला जांच का विषय
हनुमानगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ने कहा कि जनता का जनादेश उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों की पार्टी है और पार्टी जनता के फैसले का सम्मान करती है। यदि कहीं कोई कमी रह गई है तो पार्टी स्तर पर मिल-बैठकर उसे दूर किया जाएगा। जैन ने कहा कि प्रदेश में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और चौधरी विनोद कुमार हनुमानगढ़ के विधायक थे। उस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में जनता को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अनेक कार्य किए गए। इसके बावजूद जनता ने उनके पक्ष में जनादेश नहीं दिया, जिसके लिए वे जनता के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने भाईचारे को बढ़ावा देने का काम किया है। वहीं, उन्होंने भाजपा पर जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। जैन ने कहा कि इसी तरह की राजनीति हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव में भी किए जाने की कोशिश की गई। जैन ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के नौ प्रत्याशी विजयी हुए और सभी नौ पार्षदों ने एकजुटता के साथ कांग्रेस के प्रत्याशी को ही वोट दिया। गणेश राज बंसल खेमे के प्रत्याशियों को एक ही चुनाव चिह्न दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग की जांच का विषय है। उनके अनुसार निर्दलीय प्रत्याशियों को एक ही चुनाव चिह्न दिए गए और बाद में वे एकजुट होकर समूह में चले गए। सभी निर्दलीयों को एक ही चुनाव चिह्न दिए जाने की प्रक्रिया की जांच चुनाव आयोग को करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर भी उन्होंने यह मुद्दा उठाया था। जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी टाउन और जंक्शन शहर को अलग-अलग नहीं माना। कार्यक्षेत्र होने के कारण दोनों स्थानों पर नगर परिषद के कार्यालय हैं।
पंचायत चुनावों को लेकर तैयारी
पंचायत चुनावों को लेकर जैन ने कहा कि कांग्रेस ने पहले से ही तैयारी शुरू कर रखी है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पार्टी के कार्यकर्ता सक्रिय हैं और जहां कांग्रेस कार्यकर्ता जिसे प्रत्याशी बनाने की बात कहेंगे, पार्टी बिना किसी भेदभाव के उसे अपने चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ाएगी।
