हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ को गुरुवार को नई सभापति और उपसभापति मिल गईं। नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। नगर परिषद आयुक्त हेमाराम ने दोनों को पदभार ग्रहण करवाया। इस दौरान परिषद कार्यालय में आयोजित सादे समारोह में बड़ी संख्या में विधायक गणेश राज बंसल खेमे के निर्दलीय पार्षद और समर्थक मौजूद रहे। दोनों के पदभार संभालते ही समर्थकों में उत्साह नजर आया और बधाई देने वालों का तांता लग गया। पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति मंजू रणवां ने कहा कि शहरवासियों की उम्मीदों के अनुरूप विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक साल से प्रशासक लगाए जाने के बाद रुके विकास कार्यांे को गति दी जाएगी। शहर में अवरुद्ध हुई सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के साथ पानी की निकासी व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे उनके विश्वास की सदैव ऋणी रहेंगी।

उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच गई थीं, उन्हें पूरा करने का प्रयास रहेगा। जनता ने उन पर विश्वास जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे उस विश्वास पर खरा उतरें। पूर्व सभापति सुमित रणवां ने चरमराई हुई सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की बात कही। साथ ही नगर परिषद से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य करवाने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विधायक गणेश राज बंसल के प्रयासों से आरयूआईडीपी से स्वीकृत 16 करोड़ रुपए का सुचारू रूप से उपयोग करते हुए जलभराव की समस्या दूर करने का प्रयास किया जाएगा। शहर में रुके हुए विकास कार्यांे को भी शीघ्र शुरू करवाने की बात उन्होंने कही।
