- बुजुर्ग आवासियों पर पुष्प वर्षा से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, वरिष्ठ नागरिकों को माला, दुपट्टा, फल एवं मिष्ठान भेंट कर किया सम्मानित
हनुमानगढ़। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में सम्मान समारोह एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सम्मान, स्वास्थ्य जागरूकता एवं बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुनर्वास गृह में रह रहे बुजुर्ग आवासियों पर पुष्प वर्षा कर किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपस्थित वृद्धजनों को बदलते मौसम में स्वस्थ रहने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए गए तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक भवानीशंकर शर्मा एवं सूर्यप्रकाश जोशी को जिला स्तर पर माला पहनाकर एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं पुनर्वास गृह के सभी वृद्ध आवासियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा फल एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने सभी वृद्धजनों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया, उपखंड अधिकारी श्री रवि कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री प्रवेश सोलंकी, जिला श्रम कल्याण अधिकारी हर्षदीप, खनिज विभाग के सहायक अभियंता श्री सोहन गुरु, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह सहित माय भारत हनुमानगढ़ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
