हनुमानगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के मौके पर शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित भू-अभिलेखागार में पंचायती राज जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पंचायती राज जनप्रतिनिधियों से संवाद किया गया। मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ जिले की ग्राम पंचायत डबलीबास कुतुब के निवर्तमान सरपंच जगतार सिंह से संवाद किया। इस दौरान जगतार सिंह ने पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और कार्यांे को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की। जगतार सिंह ने सुझाव दिया कि प्रत्येक पंचायत समिति की हर ग्राम पंचायत में श्मशान घाट पर कम लागत में अधिक उपयोगी दाह संस्कार भ_ी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि इससे दाह संस्कार में लकड़ी की बचत होगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने गेहूं की एमएसपी पर खरीद में 150 रुपए बोनस दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। जगतार सिंह ने कहा कि हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर के बजाय इसका अधिक लाभ पड़ोसी राज्य पंजाब के किसानों ने उठा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से पंजाब एवं हरियाणा से गेहूं की राजस्थान में आवक रोकने के लिए आवश्यक बंदोबस्त करने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि इससे हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के किसानों को काफी फायदा होगा। जगतार सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत के राजकीय विद्यालय में करवाए गए कक्षाकक्ष निर्माण की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षाकक्ष निर्माण होने से अब सभी विद्यार्थियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
