हनुमानगढ़। गांव पक्कासहारणा निवासी कृष्णलाल बावरी 24 सितंबर की रात घर से टाटा ऐश छोटा हाथी लेकर गेडा लगाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारी, बिरादरी व अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में उसकी पत्नी सुमन देवी निवासी 33 एएमके, पक्कासहारणा ने सदर थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एक महिला के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में सुमन देवी ने बताया कि उसके पति कृष्णलाल (42) अपनी टाटा ऐश छोटा हाथी, जिसका पंजीयन नंबर आरजे 31 जीबी 1162 है, चलाते हैं और खुले का काम करते हैं। 24 सितंबर को रात करीब 8 बजे वह वाहन लेकर गेडा लगाने की बात कहकर घर से निकले थे। उनका मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। सुमन देवी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके पति कृष्णलाल को कृष्णा नायक निवासी लालगढ़ जाटान जिला श्रीगंगानगर ने बहला-फुसलाकर गायब कर रखा है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक शैतानाराम को सौंपी है।
