हनुमानगढ़। जोधपुर के ओसियां में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। फाइनल मुकाबले में हनुमानगढ़ की टीम ने भीलवाड़ा को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर डीएवी विद्यालय के प्राचार्य परमजीत कुमार के नेतृत्व में स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया गया। इसके बाद विजेता टीम की शहर के बाजारों एवं मुख्य मार्गांे से विजय रैली निकाली गई। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अंत में विद्यालय परिसर में डीएवी परिवार की ओर से विजेता टीम का अभिनंदन किया गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की टीम की इस शानदार जीत से विद्यालय के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है। कोच गुरप्रीत सिंह ने बताया कि हनुमानगढ़ टीम ने प्रतियोगिता के प्रारंभिक मुकाबलों से लेकर फाइनल तक लगातार बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम में डीएवी विद्यालय हनुमानगढ़ टाउन के पांच तथा नंदराम की ढाणी के दो खिलाड़ी शामिल थे। सभी खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया और निर्णायक मुकाबले में भीलवाड़ा को हराकर खिताब जीत लिया। इस मौके पर गुरुसर ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच रामेश्वर लाल कड़ेला सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
