हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में मादक पदार्थांे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत टाउन थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 17 हजार प्रतिबंधित नशीली टेबलेट-कैप्सूल जब्त किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया। जब्त प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई गई है। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी पर अंकुश लगाने तथा नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में गठित दो अलग-अलग टीमों ने यह कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में शेरगढ़ पुलिस चौकी के सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी मय पुलिस टीम ने गश्त के दौरान रोही चक 14 केएसपी से मनीष (21) पुत्र सुरजाराम मेघवाल निवासी चक 14 एमएलडी-ए पीएस घड़साना जिला श्रीगंगानगर हाल चक 14 एचएमएच कोहला पीएस हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 12 हजार प्रतिबंधित प्रेगाबलिन कैप्सूल बरामद किए गए। इस संबंध में बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में शेरगढ़ चौकी के सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी के साथ कांस्टेबल लखविन्द्र सिंह व शंकरलाल शामिल रहे।
5 हजार टेबलेट-कैप्सूल के साथ दो आरोपी पकड़े
दूसरी कार्रवाई में हैड कांस्टेबल बाबूलाल मय पुलिस टीम ने रावतसर-हनुमानगढ़ रोड पर शेरगढ़ पुलिस चौकी के पास मोटर साइकिल सवार दो आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने रजत कुमार (21) पुत्र पृथ्वीराज नायक निवासी वार्ड नंबर 2, पीलीबंगा तथा प्रदीप कुमार उर्फ कालू (28) पुत्र देवीलाल कुम्हार निवासी वार्ड नंबर 4, मुंडा पीएस हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 5 हजार प्रतिबंधित टेबलेट-कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें 4 हजार प्रतिबंधित टैपेंटाडोल टेबलेट तथा 1 हजार प्रेगाबलिन कैप्सूल शामिल हैं। तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसडब्ल्यू 2722 भी जब्त की गई। इस संबंध में भी बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में शेरगढ़ पुलिस चौकी के हैड कांस्टेबल बाबूलाल, कांस्टेबल लखविन्द्र सिंह तथा ओमप्रकाश शामिल रहे।
