हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रथम एवं द्वितीय इकाई की ओर से सत्र 2026-27 का प्रथम एक दिवसीय शिविर बुधवार को आयोजित किया गया। शिविर के विभिन्न सत्रों में एनएसएस स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। अंतिम सत्र में वाणिज्य विभाग के तत्वावधान में ‘उद्यमिता में करियरÓ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों, स्वरोजगार की संभावनाओं तथा व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक कौशल एवं संसाधनों की जानकारी देना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने की। उन्होंने एनएसएस की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों एवं बी.कॉम विद्यार्थियों को स्टार्टअप, स्वरोजगार, व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय योजना, मार्केटिंग तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य वक्ता विवेक बिहाणी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता केवल व्यवसाय स्थापित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर बनने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीन विचारों को व्यावहारिक रूप देने, जोखिम लेने की क्षमता विकसित करने तथा निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में विशेषज्ञ से उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. भावना, डॉ. सिद्धार्थ राव, सोहन लाल, हीरालाल, अनमोल शर्मा, डॉ. राजकुमार, नीतीश कुमार, विनोद साहू, अक्षय, प्रदीप कुमार एवं डीआर स्वामी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी विजय सिंह ने किया।
