हनुमानगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) च्यानण मल भार्गव ने बुधवार को पीईईओ क्षेत्र प्रेमपुरा (पीलीबंगा) का दौरा कर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेमपुरा और राजकीय प्राथमिक विद्यालय 139 आरडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था, मिड-डे-मील, पन्नाधाय बाल गोपाल योजना, व्यावसायिक शिक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया तथा विद्यालय की प्रार्थना सभा के प्रभावी संचालन की सराहना की। जिला शिक्षा अधिकारी भार्गव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और जीवनोपयोगी कौशल विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यालय स्टाफ को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यालय में विकसित नॉलेज कॉर्नर और न्यूज कॉर्नर जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों की जानकारी बढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में सहायक हैं। निरीक्षण के दौरान भार्गव ने विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों के साथ बैठक की और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दैनंदिनी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रविष्टियों के साथ इसे नियमित रूप से संधारित करने की आवश्यकता जताई। साथ ही विद्यालय में खेलकूद गतिविधियों का विस्तार करने तथा आईसीटी लैब के अनुपयोगी उपकरणों का नियमानुसार निस्तारण करने का सुझाव दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश गोदारा ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर भार्गव ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। विद्यालय स्टाफ ने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार, उपप्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार, व्याख्याता मुकेश कुमार, संतोष कुमारी सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
