हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को आयोजित होगा। समारोह में 384 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 248 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए पॉन्डमैन ऑफ इंडिया एवं ‘सेव अर्थ गैर-सरकारी संगठन के संस्थापक रामवीर तंवर को पर्यावरण विज्ञान में मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया जाएगा। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, कुलपति प्रो. डॉ. अमरजीत सिंह, डायरेक्टर जनरल एवं सेवानिवृत्त आईजी गिरिश चावला तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं सेवानिवृत्त एएसपी विपिन शर्मा ने समारोह और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। इसके लिए प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ प्लेसमेंट के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने हाल ही में 50 बीघा भूमि पर जैविक फसलों का उत्पादन किया है। खेलों में भी विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर पदक हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि उपाधि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज की बेहतरी तथा राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। डायरेक्टर जनरल गिरिश चावला ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है। विश्वविद्यालय शिक्षा, खेल, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। कुलपति प्रो. डॉ. अमरजीत सिंह ने बताया कि समारोह में पिछले दो वर्षांे के पीएचडी शोधार्थियों सहित एमए एवं बीए के मेडल विजेताओं को मिलाकर कुल 384 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। विश्वविद्यालय में तीन शोध केन्द्र स्थापित हैं और वर्तमान में आठ हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। संस्थान का मुख्य फोकस शिक्षण, शोध और नवाचार पर है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में वाग्भट्ट के नाम से आयुष अस्पताल स्थापित है, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। आगामी दिनों में जीओ गीता के साथ समझौता ज्ञापन कर विभिन्न पाठ्यक्रमों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की योजना है।
रामवीर तंवर को मानद डॉक्टरेट
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश निवासी रामवीर तंवर जल निकायों को पुनर्जीवित करने, आर्द्रभूमियों के विकास, शहरी क्षेत्रों में छोटे वन विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रसिद्ध हैं। इन्हीं योगदानों के मद्देनजर उन्हें पर्यावरण विज्ञान में मानद डॉक्टरेट प्रदान की जाएगी।
ये गणमान्य अतिथि होंगे शामिल
प्रशासनिक अधिकारी एवं सेवानिवृत्त एएसपी विपिन शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय सांगलिया धूणी, सीकर के पीठाधीश्वर स्वामी ओम दास महाराज मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज गर्ग अध्यक्षता करेंगे। हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला के उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री विशेष सम्मानित अतिथि होंगे। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलपति प्रो. वैद्य गोविंद सहाय शुक्ला और कृषि विश्वविद्यालय, कोटा की कुलपति डॉ. विमला डुंकवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय, बद्दी, सोलन के प्रो-कुलपति प्रो. डॉ. आरके गुप्ता, अर्जुन पुरस्कार विजेता पैरा एथलीट संदीप सिंह मान, अर्जुन पुरस्कार विजेता संदीप नरवाल, पदक विजेता खिलाड़ी राकेश नरवाल और पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. रामावतार मीणा की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
