– 15 नवंबर को डूबते और 16 नवंबर को उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
हनुमानगढ़। 15-16 नवम्बर को मनाए जाने वाले छठ पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट और श्री छठ पूजा समिति जंक्शन के पदाधिकारियों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जंक्शन की चुंगी नंबर आठ तथा टाउन की कोहला नहर में पानी की व्यवस्था करवाने की मांग की। यह ज्ञापन श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष बलदेव दास के नेतृत्व में सौंपा गया। श्री मिथिला सेवा समिति सदस्य श्यामदास ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी जिलेभर में पूर्वांचल समाज की ओर से छठ पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 15 नवम्बर को पूर्वांचलवासी डूबते सूर्य तथा 16 नवम्बर को सुबह उगते सूर्य को नहर के पानी में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस धार्मिक आयोजन के लिए नहरों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 15 नवम्बर को टाउन की कोहला नहर पर झांकियों के प्रदर्शन के साथ जागरण का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें कलाकारों की ओर से सूर्य भगवान और छठ मईया के भजनों का गुणगान किया जाएगा। पदाधिकारियों ने मांग की कि पूर्वांचलवासियों की धार्मिक भावनाओं और आयोजन की महत्ता को देखते हुए 15 व 16 नवम्बर को दोनों स्थानों पर नहरों में पानी छोड़ा जाए। इस पर अधिशाषी अभियंता ने नहर में पानी छोड़ने की व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अशोक गौतम, प्रमोद यादव, कृष्ण शास्त्री और प्रदीप पाल मौजूद रहे।
