हनुमानगढ़। एक महिला ने दूसरी महिला पर शेष रुपयों का भुगतान किए बगैर उसका भूखण्ड अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप लगाते हुए सोमवार को पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की। मंजू पत्नी रामप्रताप यादव निवासी श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलोनी, टाउन के अनुसार उसके पति रामप्रताप के पास चक नम्बर 18 एचएमएच, दूधवाल कॉलोनी में प्लाट है। उसके पति की मृत्यु 3 मार्च 2025 को हो चुकी है। उसके पति की मृत्यु के पश्चात उक्त भूखण्ड उसके आधिपत्य-कब्जा में चला आ रहा है। उसने 12 अगस्त 2025 को उक्त भूखण्ड डेढ़ लाख रुपए में बेचने का इकरार रजनी पत्नी राजकुमार धानक निवासी वार्ड एक, चक 16 डीडब्ल्यूडी तहसील रावतसर के साथ कर बतौर पेटे 90 हजार रुपए प्राप्त कर उक्त भूखण्ड का कब्जा रजनी को सम्भलवा दिया। शेष 60 हजार रुपए 12 नवम्बर 2025 को प्राप्त करना तय किया। लेकिन रजनी ने उसे शेष 60 हजार रुपयों की अदायगी नहीं करने के बावजूद भी उक्त भूखण्ड राजू निवासी मुखर्जी कॉलोनी, टाउन को बेच दिया। राजू ने उक्त भूखण्ड आगे सुरेन्द्र नामक व्यक्ति को बेच दिया। उसने रजनी से शेष 60 हजार रुपयों की मांग की तो रजनी ने रुपए देने से इन्कार कर दिया। मंजू ने रजनी वगैरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही करने की गुहार पुलिस अधीक्षक से लगाई।
