ऐलनाबाद। जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़ तोड़ कार्रवाई करते हुए लाल बत्ती चौक सिरसा क्षेत्र से दो युवकों को काबू कर उनके कब्जा से करीब 20 लाख रुपए की 102 ग्राम 03 मिलीग्राम हेरोइन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है । उन्होंने बताया कि जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान सांगवान चौक सिरसा से होते हुए लाल बत्ती चौक सिरसा की तरफ जा रही थी । इस दौरान पुलिस पार्टी जब सालासर मंदिर सिरसा के नजदीक पंहुची तो सामने से दो नौजवान युवक पैदल आते हुए दिखाई दिए। उक्त युवकों ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी ने उक्त दोनों युवकों को काबू कर वापस भागने का कारण पूछा तो दोनों युवक कोई संतोषजनक जबाव नही दे पाए । शक के आधार पर पुलिस पार्टी ने आरोपी लवप्रीत सिंह उर्फ लवली पुत्र सतनाम सिंह निवासी फतेह सिंह कॉलोनी जिला अमृतसर पंजाब को गिरफ्तार कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली तो उसके कब्जा से 50 ग्राम 71 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई जबकि दूसरे आरोपी मनदीप सिंह उर्फ मना पुत्र संदीप सिहं निवासी मुलाचक जिला अमृतसर पंजाब के कब्जा से 51 ग्राम 32 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई । उन्होंने बताया कि दोनों युवकों के कब्जा से कुल 102 ग्राम 03 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंपी गई है । गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने प्रारम्भिंक पूछताछ में बताया कि उक्त हेरोइन पंजाब के तरनतारन क्षेत्र से लेकर आए थे और इसे सिरसा में सप्लाई करने की फिराक में थे । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
