ऐलनाबाद। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया के मार्गदर्शन में वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में शिक्षकों को डिजिटल प्रबंधन के गुर सिखाए गए। इसके अलावा अन्य कानूनी पहलुओं की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी परवेश सिंगला ने बताया जिला एडीआर सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में राजकीय स्कूलों के शिक्षकों के लिए इस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में डिप्टी एलएडीसी केएस गिल, सहायक एलएडीसी देवेंदर कौर व हिमांशु ने मौजूद सभी को डिजिटल दुनिया का प्रबंधन, आशा योजना, बाल विवाह मुक्त भारत, नशा मुक्ति, दहेज निषेध अधिनियम आदि पर जागरूक किया।
