हनुमानगढ़। जंक्शन-टाउन मार्ग के बीच से बहने वाली घग्घर नदी पर बने पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मैसर्स स्वास्तिक इंटरप्राइजेज, श्रीगंगानगर को 6.56 करोड़ रुपए का कार्यादेश जारी किया गया है। वर्तमान में ठेकेदार की ओर से कार्यस्थल पर निर्माण सामग्री की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। स्ट्रक्चर डिजाइन एवं ड्राइंग तैयार करने का कार्य प्रगति पर है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार शीघ्र ही मौके पर मुख्य निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त फ्लोर प्रोटेक्शन तथा पुराने क्षतिग्रस्त पुल के हिस्से को तोड़ने का कार्य भी एक-दो दिन में शुरू होने की संभावना है। विभाग ने इस परियोजना को 1 अक्टूबर तक पूर्ण करने की समयसीमा निर्धारित की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता श्रवण भूकर ने बताया कि पूर्व में ही सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय करते हुए ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा चुका है।

इसके बावजूद संवेदक के माध्यम से आवश्यक सुधार करवाए जा रहे हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादित करवाया जाएगा तथा किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। निर्माण स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और प्लांट आदि स्थापित करने के लिए स्थान भी चिह्नित कर लिया गया है।

विभाग ने संवेदक को कार्य शीघ्र शुरू कर तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि घग्घर पुल का पुराना हिस्सा कुछ समय पूर्व क्षतिग्रस्त हो गया था। गौरतलब है कि जंक्शन-टाउन मार्ग पर घग्घर नदी का पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने से मार्ग बंद है। दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन नए पुल से हो रहा है। कई माह से घग्घर के नए पुल से ही ट्रैफिक के आने-जाने की व्यवस्था है।
