हनुमानगढ़। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) क्षेत्रीय केन्द्र, जयपुर ने छात्र-छात्राओं के हित में एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी कर असाइनमेंट, प्रायोगिक फाइल, प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं अन्य शैक्षणिक कार्य बाहरी व्यक्तियों या एजेंसियों से तैयार करवाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। इग्नू की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक ममता भाटिया की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि कुछ अनधिकृत व्यक्ति, कोचिंग संस्थान, बिचौलिए एवं ऑनलाइन एजेंसियां छात्र-छात्राओं से असाइनमेंट, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, शोध प्रबंध आदि तैयार करने के नाम पर धन की मांग कर रहे हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति या संस्था को विश्वविद्यालय की ओर से अधिकृत नहीं किया गया है। सूचना के अनुसार विश्वविद्यालय के नियमों के तहत सभी छात्र-छात्राओं को अपने असाइनमेंट, प्रायोगिक कार्य एवं परीक्षा संबंधी कार्य स्वयं तैयार कर जमा करना अनिवार्य है। किसी भी बाहरी व्यक्ति या संस्था से शैक्षणिक कार्य लिखवाना, तैयार करवाना, नकल करवाना या जमा करवाना पूर्णत: प्रतिबंधित है। इसे अनुचित साधन एवं शैक्षणिक कदाचार माना जाएगा। विश्वविद्यालय ने चेतावनी दी है कि यदि कोई छात्र-छात्रा असाइनमेंट खरीदते हुए, नकल या साहित्यिक चोरी करते हुए अथवा किसी अन्य के कार्य को अपना बताकर प्रस्तुत करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। संभावित कार्रवाई में असाइनमेंट/प्रायोगिक अंकों की निरस्ती, परीक्षा परिणाम रद्द करना या रोकना, परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित करना, प्रवेश/पंजीकरण निरस्त करना तथा सक्षम प्राधिकारी की ओर से अन्य उचित कार्रवाई शामिल हो सकती है। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों की जानकारी न होने का तर्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक इग्नू अध्ययन सामग्री, कार्यक्रम मार्गदर्शिका एवं विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित शैक्षणिक परामर्श सत्रों का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता की सूचना तुरंत क्षेत्रीय केन्द्र को देने का आग्रह किया गया है। यह सूचना शैक्षणिक ईमानदारी एवं अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जारी की गई है और सभी छात्र-छात्राओं के लिए इसका पालन अनिवार्य बताया गया है।
अब 28 फरवरी तक होंगे आवेदन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली की ओर से संचालित अध्ययन केन्द्र 23139 राजकीय महाविद्यालय हनुमानगढ़ में जनवरी 2026 सत्र के लिए विभिन्न कोर्स, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में फ्रेश एवं पुन: पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया जारी है। केन्द्र के समन्वयक विनोद कुमार व प्राचार्य प्रो.राम पाल अहरोदिया ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से संचालित लगभग 300 कार्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है। विश्वविद्यालय की ओर से एससी एवं एसटी वर्ग के छात्र-छात्राओं को स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है। साथ ही इस वर्ग के छात्र-छात्राओं को समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना का लाभ भी मिलेगा। जनवरी सत्र 2026 के फ्रेश एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 28 फरवरी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राजस्थान सरकार की बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना के अंतर्गत सभी वर्गां की किसी भी आयु की महिला एवं छात्राओं को किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर फीस राशि के पुनर्भरण का लाभ मिलेगा। योजना से संबंधित नियम एवं दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। एसएसओ आईडी के माध्यम से लॉगिन कर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया जा सकता है।
