
हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों के तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे विशेष शिविर के दूसरे दिन सोमवार को प्रथम सत्र में खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस सत्र में सभी प्रतिभागियों को 5 दलों के जरिए राणा कुम्भा, राष्ट्रकूट, पल्लव, समुद्रगुप्त एवं अहोम में विभाजित किया गया। इन दलों का महिला और पुरुष संवर्ग में रस्साकशी की प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने किया। पुरुष संवर्ग में अहोम टीम तथा महिला संवर्ग में पल्लव टीम विजेता रही। खेल प्रतियोगिता का संचालन खेल प्रशिक्षक अवतार सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में फिट इंडिया थीम पर डॉ. कुलदीप सिंह ने स्वयंसेवकों को बदलती जीवनशैली, बीमारियों से निपटने के लिए आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रभावी उपायों के बारे में बताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी अनमोल शर्मा, किरण ढिल, महेंद्र सिंह, ममता मौजूद रहे।

