हनुमानगढ़। जिला हनुमानगढ़ में अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने मारपीट व लूट के एक गंभीर मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की गई 2200 की नकद राशि भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक हरि शंकर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपियों इरफान खान उर्फ फान और मोहम्मद आसिम खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी इरफान खान उर्फ फान शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 34 प्रकरण दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी मोहम्मद आसिम खान के खिलाफ पूर्व में मारपीट के 4 मामले दर्ज बताए गए हैं।
जन्मदिन पार्टी के दौरान हुआ था हमला
प्रकरण के अनुसार परिवादी इमदाद पुत्र मिर्जा (24), निवासी लखुवाली हेड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 02 फरवरी 2026 की शाम को पीलीबंगा रोड स्थित एक दुकान पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर परिवादी व उसके भाई के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। इस दौरान परिवादी की जेब से 2200 लूट लिए गए। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 307, 115(2), 126(2), 324(4), 189(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की, जो उप निरीक्षक किशोर सिंह सारणी को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा अन्य आपराधिक मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
