
हनुमानगढ़। आल स्टार क्रिकेट क्लब की ओर से जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित सिंचाई विभाग के विश्राम गृह के क्रिकेट ग्राउंड में लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट ‘एएसपीएल सीजन-3Ó का आयोजन करवाया जा रहा है। बीस दिसम्बर से शुरू हुआ क्रिकेट का रोमांच 28 दिसम्बर तक जारी रहेगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 31 हजार जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपए के नकद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। टूर्नामेंट में मंगलवार को चौथे दिन भी कई रोमांचक मुकाबले हुए। इन्द्रपाल सिंह ने बताया कि क्लब का गठन करीब तीस साल पहले किया गया था। युवाओं को नशे से दूर रखने के मकसद से क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने हर साल टूर्नामेंट करवाने का निर्णय लिया। इसी क्रम में इस बार लगातार तीसरे साल क्रिकेट का टूर्नामेंट करवाया जा रहा है। लेदर बॉल के कम हो रहे चलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भी एएसपीएल टूर्नामेंट करवाया जा रहा है। क्लब से जुड़े अधिकतर सदस्य अधिकारी-कर्मचारी हैं जो नौकरी के साथ-साथ क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। इनमें से कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो जिला व राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

