हनुमानगढ़। समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक पहल करते हुए ब्रह्मलीन गोसेवी भामाशाह पदमाराम कुलरिया के परिवार द्वारा जांगिड़ सुथार समाज शिक्षा समिति, हनुमानगढ़ को 5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहयोग समिति द्वारा निर्माणाधीन छात्रावास के निर्माण कार्य के लिए दिया गया है। जानकारी के अनुसार ब्रह्मलीन पदमाराम कुलरिया के सुपुत्र कानाराम कुलरिया, शंकरलाल कुलरिया और धर्मचंद कुलरिया ने अपने निवास स्थान पद्म निवास, सिलवा मूलवास, तहसील नोखा जिला बीकानेर में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान जांगिड़ सुथार समाज शिक्षा समिति के प्रतिनिधियों को 5,00,000 का चेक भेंट किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों का पारंपरिक तरीके से पटका पहनाकर सम्मान भी किया गया। इस दौरान कुलरिया परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनके पिता ब्रह्मलीन पदमाराम कुलरिया समाजसेवा और गोसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व थे। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए परिवार शिक्षा और सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग करता रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए छात्रावास का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस कार्य में सहयोग करना उनके लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में उपस्थित जांगिड़ सुथार समाज शिक्षा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कुलरिया परिवार का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे समाजसेवी परिवारों के सहयोग से ही समाज में शिक्षा का विस्तार संभव हो पाता है और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इनमें मांगेराम छाबड़ा (प्रदेश उपाध्यक्ष, जांगिड़ सुथार महासभा राजस्थान), कुलवंत टिंड (चेयरमैन, नगरपालिका टिब्बी), भानीराम मायल (जिला उपाध्यक्ष, जांगिड़ सुथार समिति हनुमानगढ़), सत्यपाल खंडेलवाल (कोषाध्यक्ष, जांगिड़ सुथार शिक्षा समिति हनुमानगढ़), प्रहलाद खंडेलवाल, राजीव धनेरवा (शिक्षा सचिव, समिति), मदनलाल नागल, कालूराम मायल (विधि सचिव, समिति), ओमप्रकाश पाटोदिया (प्रदेश संगठन मंत्री, जांगिड़ सुथार महासभा राजस्थान), महावीर देमन (हनुमानगढ़ तहसील अध्यक्ष, जांगिड़ सुथार महासभा), रामेश्वर भदरेचा (जिला कोषाध्यक्ष, भारतीय किसान संघ हनुमानगढ़), हीरालाल लदोइया (जिला प्रचार मंत्री, जांगिड़ सुथार महासभा हनुमानगढ़), मोहनलाल आसलिया, पवन कुमार आसदेव, बृजलाल माकड़, रघुवीर उत्तम तथा पारस मांडण (जिला सचिव, जांगिड़ सुथार शिक्षा समिति हनुमानगढ़) शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति पदाधिकारियों ने कहा कि निर्माणाधीन छात्रावास के पूर्ण होने से समाज के विद्यार्थियों को रहने और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने समाज के अन्य सक्षम व्यक्तियों से भी इस पुनीत कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया।
