पीलीबंगा। गांव लखासर स्थित बाबा रामदेव मंदिर परिसर में आयोजित बाबा रामदेव महाराज की साप्ताहिक संगीतमय पावन कथा का गुरुवार को हवन यज्ञ के साथ विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही और पूरे वातावरण में भक्ति व आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश मंत्री कैलाश मेघवाल शामिल हुए। उन्होंने हवन यज्ञ में आहुति अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव महाराज की कथा समाज में नई चेतना का संचार करती है।

ऐसी धार्मिक कथाओं से भारतीय संस्कृति, आपसी प्रेम और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलता है तथा बाबा रामदेव की शिक्षाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होता है। उन्होंने कथा आयोजन के लिए सर्व समाज और मंदिर समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंदिर पुजारी पूर्णराम पटीर, शेषकरण टाक, रामलाल टाक, कुलदीप सिंह, भीमसेन सहारण, देवीलाल धारणिया, नथुराम धारणिया, एडवोकेट शैलेंद्र बिश्नोई सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कैलाश मेघवाल का राजस्थानी साफा पहनाकर तथा विशिष्ट लोक अभियोजक एडवोकेट कमलेश भादू और भाजपा गोलूवाला मंडल अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई का माल्यार्पण कर स्वागत किया। ज्ञात रहे कि गांव लखासर में बाबा रामदेव महाराज की संगीतमय कथा का आयोजन 25 फरवरी से किया जा रहा था।

कथा वाचक धागड़ निवासी जोगेंद्र महाराज ने अपने मधुर वचनों से बाबा रामदेव महाराज की शिक्षाओं और चमत्कारों का विस्तार से वर्णन किया। समापन अवसर पर आयोजित हवन-यज्ञ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। प्रवचन के दौरान जोगेंद्र महाराज ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति में त्याग, समर्पण और लोककल्याण का प्रतीक है। इसकी पवित्र अग्नि नकारात्मकता को दूर कर समाज में सकारात्मकता, शांति और एकता का संदेश देती है। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर समाज और प्रकृति के मंगल की कामना की। हवन के पश्चात 64 एलएनपी निवासी भगत रामगोपाल गोदारा द्वारा श्रद्धालुओं को फलों का प्रसाद वितरित किया गया।

वहीं एडवोकेट शैलेंद्र बिश्नोई ने कथा में 31 हजार रुपए की भेंट दी। समिति की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को हलवे का प्रसाद भी वितरित किया गया। कथा आयोजन को सफल बनाने में रामदेव पटीर, मुकेश, गंगाराम, आत्माराम, विष्णु, महेंद्र, रमेश सहित अनेक युवाओं का सराहनीय सहयोग रहा। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बिश्नोई ने बताया कि क्षेत्र में बाबा रामदेव महाराज की यह पहली संगीतमय कथा है, जो केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता और लोककल्याण की प्रेरणादायी मिसाल बनकर सामने आई है।
