संगरिया व्यापार मंडल की बैठक में गेहूं खरीद व्यवस्था व भुगतान नियमों पर अहम फैसले
संगरिया। संगरिया व्यापार मंडल समिति कार्यालय के सभागार हाल में शुक्रवार को समिति की कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार जैन ने की। बैठक में व्यापार और कृषि जिन्स से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई अहम एजेंडे सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में सबसे प्रमुख चर्चा समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर हुई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष गेहूं की खरीद चार एजेंसियों के माध्यम से की जाएगी। बैठक में तय किया गया कि गेहूं की खरीद प्रक्रिया के दौरान थैले उतराई, सिलाई, लीडिंग तथा मार्का का कार्य संबंधित व्यापारी द्वारा करवाया जाएगा। इसके लिए निर्धारित मजदूरी एजेंसी द्वारा व्यापारी को दी जाएगी।

समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि संगरिया व्यापार मंडल समिति के कार्यकारिणी सदस्य अपने-अपने कटलों में व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे, ताकि गेहूं खरीद प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इसके अलावा बैठक में सरसों एवं अन्य कृषि जिन्स के भुगतान को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से तय किया कि सरसों और अन्य कृषि जिन्स के भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए उठाव से पहले सीडी काटकर आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि कोई भी खरीदार व्यापारी माल खरीदने के बाद तीन दिनों के भीतर खरीदी गई कृषि जिन्स का उठाव करना सुनिश्चित करेगा।

इस निर्णय का उद्देश्य मंडी में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था को रोकना तथा व्यापारिक प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना है। बैठक में गोशाला लागा राशि को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। समिति ने स्पष्ट निर्णय लिया कि जिन फर्मों में गोशाला लागा की राशि बकाया है, उन्हें आगामी गेहूं खरीद के दौरान बारदाना उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करना और गोशाला के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग बनाए रखना है। बैठक के दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए तथा मंडी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर समिति के सचिव मनोज मित्तल, उपाध्यक्ष हेमराज गुप्ता, कोषाध्यक्ष अतुल सिंगला, सहसचिव सतपाल सिंगला, चंद्रपाल भोबिया, हेमराज जैन, नंदलाल बंसल, अर्जुन देव अंगी, वीरचंद, सुशील बंसल, बृजलाल जाखड़, हैप्पी मित्तल, दीप जिंदल, पवन जैन, राजकुमार रांझा, भादर कड़वासरा, भरपूर सिद्धू, हैप्पी जिंदल, खूबी बंसल, शुभम सिंगला, बलजिंद्र चहल, दर्शन सिंगला, मुकेश वर्मा, अरविंद सहारण, कशिश मोंगा, प्रेम बंसल, दीनदयाल गुप्ता, सार्दुल भाकर, कमल बंसल, नवनीत मरेजा, अविश मिड्ढा, रुचिर जैन, राजेन्द्र राजपूत, आर. राणा, सेठी गोयल सहित कई गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष कृष्ण कुमार जैन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति द्वारा लिए गए निर्णयों से मंडी की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित होगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से नियमों का पालन करने और मंडी की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील भी की।
