
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में 29 दिसम्बर से 7 जनवरी तक दस दिवसीय नि:शुल्क क्षारसूत्र अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में होगा। शिविर के आयोजन को लेकर बुधवार को टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय के सभागार में शिविर से संबंधित जानकारी के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस मौके पर डॉ. कुलदीप, नगर परिषद के एईएन सत्यवीर, राकेश, तुलसी, शीशपाल मौजूद रहे। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजना के अंतर्गत आयोजित शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए आमजन से आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शिविर में पाइल्स, बवासीर, भगंदर (फिस्टुला), प्राकृतिक रोगों एवं अन्य गुर्दा रोगों से संबंधित मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। शिविर में पंजीकृत रोगियों को नि:शुल्क जांच, भोजन, ऑपरेशन, औषधियां एवं फॉलो-अप की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह शिविर रोगियों के लिए आयुर्वेदिक पद्धति से सुरक्षित, प्रभावी एवं विश्वसनीय उपचार का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा। शिविर में पंजीकरण के लिए डॉ. रामप्रताप बरोला, डॉ. पवन शर्मा, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. सज्जन ढाका, डॉ. ईश्वर सिंह सुंडा एवं डॉ. केके राड़ आदि से संपर्क किया जा सकता है।
