हनुमानगढ़। जिले में अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अति. पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई तथा सीओ हनुमानगढ़ मीनाक्षी के निर्देशन में थाना हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को बड़ी मात्रा में प्रीगाबालीन कैप्सूल के साथ डिटेन किया है। थानाधिकारी हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व जय सिंह सउनि द्वारा किया जा रहा था, जिसमें पप्पूराम हैड कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम द्वारा दिनांक 12 मार्च 2026 को क्षेत्र में नियमित गश्त की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विनोद सोनी पुत्र ताराचन्द सोनी, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, मक्कासर को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 400 प्रीगाबालीन कैप्सूल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में कैप्सूल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई औषधि नियंत्रण विभाग को सौंपी गई। औषधि नियंत्रण अधिकारी हनुमानगढ़ पंकज कुमार तथा चन्द्रकान्त शर्मा ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
