हनुमानगढ़। अवैध शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई तथा सीओ मीनाक्षी के निर्देशन में की गई। थानाधिकारी जंक्शन रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा व उनकी टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रूघनाथ राम निवासी अरनियोवाली, वीरमाणियो की ढाणी, चैनपुरा, थाना धोरीमन्ना, तहसील धोरीमन्ना, जिला बाड़मेर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना टाउन में मुकदमा संख्या 461/2025 धारा 19/54 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी सुरेश कुमार इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मामले की पृष्ठभूमि में बताया गया कि 12 जुलाई 2025 को हनुमानगढ़ टाउन पुलिस के उपनिरीक्षक सत्यनारायण अपने स्टाफ के साथ गश्त पर थे। इस दौरान बिना नंबर की डस्टर कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 25 कार्टन में कुल 600 कैन बीयर बरामद हुई। मौके से आरोपी भजनलाल को गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में पुलिस थाना टाउन में मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा, थाना हनुमानगढ़ जंक्शन को सौंपी गई थी। जांच के दौरान भजनलाल को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया, जबकि मामले में सुरेश कुमार की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी तलाश जारी थी। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मानवीय व तकनीकी सूचनाओं का संकलन किया और अंततः आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा के साथ कांस्टेबल योगेन्द्र कुमार और कांस्टेबल सुनील कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
