हनुमानगढ़। संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बंबीहा गैंग से जुड़े हथियार तस्करी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल कुमार उर्फ भैया के रूप में हुई है, जो कई गंभीर आपराधिक मामलों में पहले से ही वांछित था। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय जयपुर और बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संगठित अपराधों की रोकथाम, गैंगस्टर गतिविधियों पर अंकुश लगाने और गैंगस्टरों के सहयोगियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिले में भी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ अरविंद कुमार तथा उप पुलिस अधीक्षक एससी/एसटी सेल एवं एजीटीएफ प्रभारी करण बराड़ के निर्देशन में की जा रही है। इनके सुपरविजन में एजीटीएफ टीम के प्रभारी पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल कुमार उर्फ भैया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना हनुमानगढ़ टाउन में दर्ज प्रकरण संख्या 133/2026 के तहत की गई है, जिसमें आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 (1-बी) (ए), 25 (6) और 25 (8) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर उससे हथियारों की खरीद-फरोख्त और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गत 1 मार्च 2026 को चौकी लखुवाली पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन तथा पवनदीप सिंह उर्फ बिल्ला उर्फ सन्नी के रूप में हुई थी, जो पंजाब के फरीदकोट जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन बरामद की थीं। इस मामले में आगे की जांच पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह द्वारा की जा रही थी। पूछताछ और विस्तृत अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरामद किए गए हथियार विशाल कुमार उर्फ भैया द्वारा मंगवाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल कुमार को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की। जानकारी के अनुसार आरोपी विशाल कुमार उर्फ भैया उस समय पंजाब के फिरोजपुर जिला कारागार में बंद था। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए हनुमानगढ़ लाकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद पुलिस ने माननीय न्यायालय से आरोपी का रिमांड प्राप्त कर लिया है और उससे हथियारों के नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा इस पूरे गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी विशाल कुमार उर्फ भैया एक अव्वल दर्जे का बदमाश है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि यह आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी पवनदीप सिंह उर्फ बिल्ला और अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन को अनुसंधान के बाद जिला कारागार हनुमानगढ़ भेजा जा चुका है। पुलिस अब इस पूरे मामले में हथियार सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में एजीटीएफ टीम हनुमानगढ़ के पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह के साथ हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल हर्षवर्धन, कांस्टेबल सुलेन्द्र और डीआर कांस्टेबल नरेंद्र कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार उर्फ भैया (26) पुत्र बृज लाल निवासी बाबा दीप सिंह कॉलोनी, मजीठा रोड, अमृतसर (पंजाब) का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
