हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के गांधीनगर क्षेत्र में एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। परिवार के खाटू श्याम से लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोर नकदी व सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। जंक्शन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड 16, गांधीनगर निवासी प्रेमचंद (55) पुत्र सुरजाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि 10 मार्च को वह अपने परिवार के साथ खाटू श्याम दर्शन के लिए गया था। 11 मार्च को रात करीब 2.40 बजे जब वह परिवार सहित वापस घर पहुंचा तो मकान के गेट पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसा हुआ था, जिसने अंदर से कुंडी लगा रखी थी, जबकि उसका एक साथी गली में घूम रहा था। प्रेमचंद ने बताया कि जैसे ही उन्होंने गेट खोलने की कोशिश की तो आरोपी घर के अंदर से 25 हजार रुपए नकद, करीब 5 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी, 200 ग्राम वजन की चांदी की पायजेब और 200 ग्राम का चांदी का कड़ा चोरी कर सीढ़ियों के रास्ते पड़ोसी घरों की छतों से होते हुए अपने साथी के साथ फरार हो गया। उन्होंने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना की सूचना तुरंत जंक्शन थाना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में घर की जांच करने पर चोरी हुए गहने और नकदी गायब मिले। पड़ोस में रहने वाली पूर्व पार्षद नगीना बाई के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जिसकी पहचान भट्टा कॉलोनी निवासी अमन उर्फ ज्ञानी के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पलटूदास को सौंपी गई है।
