हनुमानगढ़। जंक्शन के ढिल्लों कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एक डेयरी दुकान से 30 हजार रुपए नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। जंक्शन थाना पुलिस ने दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड 19, ढिल्लों कॉलोनी निवासी अजय पुत्र विमल बंगाली ने रिपोर्ट दी कि वह गणेश मंदिर के पास कल्पना दुग्ध डेयरी नाम से डेयरी दुकान संचालित करता है। 11 मार्च को रात करीब 9.30 बजे वह किसी काम से दुकान से बाहर चला गया था और उसकी पत्नी हनीमा दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान ढिल्लों कॉलोनी निवासी बाबू और विक्की नामक दो युवक दुकान पर आए। रिपोर्ट के अनुसार विक्की दही लेने लगा, जबकि बाबू ने दुकानदार की पत्नी से पानी मांगा। जब हनीमा दही देने और पानी पिलाने में व्यस्त हो गई तो दोनों युवकों ने मौका पाकर काउंटर के गल्ले में रखे करीब 30 हजार रुपए निकाल लिए और वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद नकदी गायब होने का पता चलने पर हनीमा ने अपने पति अजय को इसकी जानकारी दी। परिवादी ने बताया कि दोनों आरोपी बदमाश और नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं तथा पहले भी चोरी जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने अजय की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पलटूदास को सौंपी गई है।
