ऐलनाबाद। जिला में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डिंग थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लैपटॉप चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा लैपटॉप बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले भर में चलाए जा रहे अभियान के तहत डिंग थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि सिरसा निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ओएचएम सिने गार्डन सिरसा में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। शिकायत के अनुसार 15 मार्च 2026 की रात एक अज्ञात युवक उसके ऑफिस में घुस गया और वहां से उसका लैपटॉप चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर डिंग थाना में अज्ञात युवक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान डिंग थाना की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक पुत्र अशोक कुमार निवासी एमसी कॉलोनी सिरसा को बस स्टैंड सिरसा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
