ऐलनाबाद जिला भर में वांछित भगोड़ों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पी.ओ. स्टाफ सिरसा की पुलिस टीम ने चेक बाउंस मामले में फरार चल रहे दो वांछित भगोड़े आरोपियों को काबू किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला में वांछित भगोड़ों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पी.ओ. स्टाफ की पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर सिरसा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रवि कुमार पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी गऊशाला मोहल्ला सिरसा तथा रायसिंह पुत्र मनीराम निवासी सेक्टर-19 सिरसा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चेक बाउंस के मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते माननीय अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया था। इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि अदालत द्वारा बार-बार नोटिस देने के बावजूद हाजिर न होने पर आरोपी रवि कुमार को 31 अक्तूबर 2025 तथा रायसिंह को 9 अक्तूबर 2025 को पी.ओ. घोषित किया गया था। इस मामले में थाना सिविल लाइन सिरसा में बीएनएस की धारा 209 के तहत मामला दर्ज कर जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
