हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिरानी थाना पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए 132 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में नोहर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी एवं भादरा वृताधिकारी संजीव कटेवा के सुपरविजन में भिरानी थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस राजेन्द्र कुमार ने टीम के साथ शुक्रवार को भादरा-हिसार रोड पर स्थित छानीबड़ी चौकी के पास नाकाबंदी की। इस दौरान बाइक सवार बलवान (27) पुत्र सुन्दर लाल मेघवाल निवासी मोडाखेड़ा पीएस आदमपुर जिला हिसार, हरियाणा को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 132 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच गोगामेड़ी थाना प्रभारी चन्द्रकला की ओर से की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह, कांस्टेबल विकास कुमार व अजय की गोपनीय सूचना व साक्ष्य संकलन में अहम भूमिका रही। टीम में प्रशिक्षु आरपीएस राजेन्द्र कुमार के साथ हैड कांस्टेबल रमेश, कांस्टेबल रणवीर, अजय व रमेश कुमार शामिल रहे।
