ऐलनाबाद। जिला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने एक अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है । कार्रवाई के दौरान गिरोह के तीन सदस्यों को काबू कर उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी आदर्श दीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रिछपाल पुत्र अंग्रेज सिंह, सुखदेव सिंह पुत्र प्रीतम सिंह तथा बब्बू पुत्र जगन सिंह निवासी साबूआना, तहसील टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) को रानियां चुंगी सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर जांच शहर थाना की जेजे कालोनी पुलिस चौकी को सौंपी है । उन्होंने बताया कि उक्त आरोपियों से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने सिरसा, रानियां, सदर डबवाली,तथा राजस्थान क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की कुल 6 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनमें से चार वारदातें सिरसा क्षेत्र में तथा दो वारदातें राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र में करनी कबूल की है । मामले की शुरुआत तब हुई जब बलबीर सिंह पुत्र मनोहर सिंह निवासी मनाना,तहसील मकराना, जिला नागौर (राजस्थान) ने थाना शहर सिरसा में शिकायत दर्ज करवाई कि दिनांक 12 फरवरी 2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल एयर फोर्स स्टेशन सिरसा के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी की जा चुकी थी। शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीएसपी आदर्श दीप सिंह ने बताया कि बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ व थाना शहर सिरसा की विशेष टीमों का गठन कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जांच के दौरान शहर थाना की जेजे कालोनी पुलिस चौकी की एक टीम ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रानियां रोड, सिरसा क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया । गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं। साथ ही गिरोह के दो अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों का अपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है,चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नही किया जा सकता । गिरफ्तार किए गए आरोपी नशा करने के आदि है और नशे की पूर्ति के लिए अक्सर चोरी की वारदात को अंजाम देते है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
