हनुमानगढ़। जंक्शन में कचहरी रोड पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के विश्रामगृह के सामने लगा सांकेतिक बोर्ड अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना रात के समय की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार वाहन ने बोर्ड को टक्कर मार दी, जिससे वह पूरी तरह टूटकर सड़क किनारे गिर गया। बोर्ड पर रेलवे स्टेशन हनुमानगढ़ जंक्शन, रेलवे अंडरपास गांधी नगर और नगर परिषद उप कार्यालय से संबंधित दिशा-निर्देश अंकित थे। घटना के बाद गुरुवार को टूटा हुआ बोर्ड सड़क किनारे पड़ा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त बोर्ड को जल्द ठीक करवाया जाए।
